गिरिडीह झारखण्ड

गिरिडीह से गढ़वा जा रही अर्द्ध सैनिक बलों से लदी बस बगोदर में पलटी, एक की मौत, कई घायल

Share This News

गिरिडीह। गिरिडीह में बड़ा हादसा हुआ है। हादसे में एक आई आर बी के जवान की मौत हो गई है। जबकि लगभग दर्जन भर जवान को गंभीर चोट पहुंची है। बताया जाता है कि आई आर बी के जवानों को लेकर जा रही बस पलट गई और यह हादसा पेश आया। घटना गिरिडीह के बगोदर थाना अंतर्गत जीटी रोड पर घटी है।

हादसे के बाद आनन फानन में घायल जवानों को इलाज के लिए बगोदर ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। जहां से चार जवानों को इलाज के लिए धनबाद रेफर किया गया है। जबकि अन्य घायल जवानों का इलाज बगोदर में किया जा रहा है। इधर घटना की सूचना मिलते ही एसपी दीपक कुमार शर्मा फौरन बगोदर पहुंचे और घायल जवानों के इलाज के लिए समुचित व्यवस्था कराया।

बताया जाता है कि गिरिडीह से आई आर बी के 40 जवानों को लेकर बस गढ़वा जा रही थी। इसी क्रम में बगोदर थाना अंतर्गत एक मोटरसाइकिल को बचाने के चक्कर में बस सड़क के बीच बने डिवाइडर पर चढ़ गई। जिस कारण बस का टायर ब्लास्ट कर गया और बस अनियंत्रित हो कर पलट गई। मृतक जवान की पहचान विकास भगत के रूप में हुई है।