निगम क्षेत्र के बावजूद सिहोडीह नंदन नगर के लोगों को हो रही है परेशानी, अविलंब सड़क निर्माण की मांग
giridihupdatesComments Off on निगम क्षेत्र के बावजूद सिहोडीह नंदन नगर के लोगों को हो रही है परेशानी, अविलंब सड़क निर्माण की मांग
Share This News
गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र के सिहोडीह वार्ड नंबर 11 के अंतर्गत नंदन नगर के 100 से भी ज्यादा घरों के लोग सड़क मरम्मती के अभाव में भारी परेशानी का सामना कर कर रहे हैं। आलम यह है कि उनके लिए आवागमन की दिक्कत तो हमेशा है ही, किसी तरह की मुसीबत होने पर एंबुलेंस या पुलिस पेट्रोलिंग की गाड़ी तक जाना संभव नहीं।
बताया गया कि लंबे समय से परेशान हो रहे स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत क्षेत्र से संबंधित प्रतिनिधियों के अलावा नगर निगम को भी की है, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं निकल पाया। जिसके बाद लोगों ने भाकपा माले को इसकी सूचना दी जिस पर पार्टी नेता राजेश कुमार यादव था राजेश सिन्हा नंदन नगर पहुंचे। वहां के स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्या का जायजा लिया। स्थल से ही नगर आयुक्त राजेश कुमार प्रजापति से बात कर उन्हें स्थिति की गंभीरता से अवगत कराया।
मौके पर माले नेताओं ने कहा कि, गिरिडीह नगर निगम का दायरा जिस तरह से बढ़ाया गया है और चुनाव होकर निगम का गठन भी कर लिया गया, उस अनुसार सुविधाएं बहाल नहीं की गई। यही नहीं, निगम क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों में भी पक्षपात किया जा रहा है। नंदन नगर के लोग एक तरफ जहां सड़क की परेशानी झेल रहे हैं तो इसी वार्ड क्षेत्र में नंदन नगर से थोड़ी ही दूरी पर भू-माफियाओं को मदद पहुंचाने के लिए आबादी बसने से पहले ही बेहतरीन काली सड़क बना दी गई है। यह सरकारी राशि का मिसमैनेजमेंट नहीं तो और क्या है? कहा कि, सड़कें तो हर जगह बननी चाहिए, लेकिन अगर फंड लिमिट है तो पहले आबादी वाले क्षेत्र में विकास होना चाहिए।
उन्होंने नगर निगम प्रशासन से अविलंब नंदन नगर सड़क की तत्काल मरम्मत कर उसे आने-जाने लायक बनाने तथा शीघ्र ही पक्का निर्माण करने की मांग के साथ-साथ शास्त्री नगर से नंदन नगर (सिहोडीह) को जोड़ने के लिए उसरी नदी में पुल निर्माण करने की भी मांग की है।
मौके पर स्थानीय मोहम्मद अमीर, बीएन मंडल, मनीष कुमार, विनोद कुमार, सुरेंद्र कुमार यादव, राजेश कुमार यादव, भरत महतो, संजय राय, राहुल कुमार वर्मा, निक्कू कुमार, संध्या रानी, नीलम प्रसाद, अनीशा सिन्हा, मुन्नी देवी, देवकी देवी आदि मौजूद थे।