गिरिडीह जिले के बगोदर प्रखंड के मुंडरो गांव में सोमवार को आकाशीय बिजली गिरने की घटना में तीन महिलाएं और एक बच्चा मामूली रूप से घायल हो गए। घटना उस वक्त हुई जब सभी लोग जंगल से लौटकर बारिश से बचने के लिए गांव के एक मंदिर के बरामदे में शरण लिए हुए थे।
अचानक तेज गड़गड़ाहट के साथ बिजली पास में ही गिर पड़ी, जिसकी धमक से तीन महिलाएं अचेत जैसी हो गईं और एक बच्चा भी इसके प्रभाव में आ गया। घायलों की पहचान 23 वर्षीय सोनम देवी, 35 वर्षीय मोहिनी देवी, 25 वर्षीय संगीता देवी, 12 वर्षीय एक बच्चा रोहित कुमार के रूप में हुई है। सभी मुंडरो गांव की निवासी हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही मुंडरो के मुखिया बंधन महतो और माले नेता पवन महतो स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल बगोदर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बताया कि सभी खतरे से बाहर हैं।