गिरिडीह में टोलकर्मियों का मनोबल इतना बढ़ गया है की अब टोलकर्मी पत्रकारों के ऊपर जानलेवा हमला करने लगे है। ताज़ा मामला मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के अजीडीह मोड़ के समीप स्थित टोल का है, जहाँ खबर संकलन करने गए वरीय पत्रकार अमरनाथ सिन्हा के ऊपर आठ से दस की संख्या में टोल पर बैठे गुंडों ने जानलेवा हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया है।
घटना के बाद घायल पत्रकार अमरनाथ सिन्हा को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया जहां मंत्री सुदिव्य सोनू समेत तमाम पत्रकार पहुंचे। वंही मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश पुलिस – पदाधिकारियों को दिया।
घटना के बाद पुलिस ने पत्रकार अमरनाथ सिन्हा के ऊपर जानलेवा हमला करने के मामले में चार आरोपियों मोहित यादव, पिंटू चौधरी, देव चौधरी और सुशील कुमार चौधरी को गिरफ्तार कर मुफ्फसिल थाना ले आई है। दरअसल पूरा मामला यह है कि गिरिडीह नगर निगम टोल वसूली पर हाईकोर्ट ने रोक लगा दिया है इसके बावजूद गिरिडीह में टोल वसूला जा रहा है। हाईकोर्ट के आदेश का उल्लंघन होने की खबर बनाने के लिए ईटीवी भारत के पत्रकार अमरनाथ सिन्हा अजीडीह स्थित टोल बूथ पहुंचे तो वहां टॉल कर्मियों ने उनके साथ क्रूरता के साथ मारपीट कर घायल कर दिया। गनीमत रही कि वक्त रहते पुलिस की पेट्रोलिंग पार्टी पहुंची और पत्रकार अमरनाथ सिन्हा को टोलकर्मियों के जानलेवा हमलों से बचा लिया।
इधर घटना की सूचना मिलने के बाद नगर विकास मंत्री सुदिव्य सोनू, मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम महतो सदर अस्पताल पहुंचे और उनसे मुलाकात कर उनके स्थिति को जाना। इस दौरान मंत्री सुदिव्य सोनू ने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के ऊपर इस तरह का हमला होने की वह कड़ी निंदा करते हैं। साथ ही वे आश्वस्त करते है कि जिन्होंने कानून को हाथ में लिए वे कानून के तहत दंडित होंगे।