गिरिडीह झारखण्ड

गिरिडीह कॉलेज के एन.एस.एस. यूनिट-1 और 2 फिट इंडिया फ्रीडम रन का आयोजन

Share This News

आज दिनांक 28.08.2021 को आजादी के 75 वें वर्ष के अवसर पर ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के उपलक्ष्य में ‘फिट इंडिया फ्रीडम रन 2.0 का आयोजन गिरिडीह कॉलेज,गिरिडीह में एन. एस. एस. यूनिट-01 और 02 द्वारा किया गया। यूनिट-01 का आयोजन कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. बलभद्र सिंह के निर्देशन में और यूनिट-02 का आयोजन स्वयंसेवक प्रशांत कुमार पाठक के नेतृत्व में हुआ।
यूनिट-01 की तरफ से यूनिट-01 के सदस्यों की टीम कॉलेज कैम्पस से प्राचार्य डॉ. अशोक के सम्बोधन के बाद कैम्पस के बाहर निकली। डॉ. अशोक ने टीम के सदस्यों को आजादी के 75 वें वर्ष की बधाई दी और स्वस्थ तन और स्वस्थ विचार के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर ‘आजादी के 75 वर्षों की उपलब्धियाँ और आजादी के अर्थ’ पर परिचर्चा भी आयोजित हुई।

परिचर्चा में अतिथि वक्ता थे पत्रकार और लेखक प्रभाकर, पशुपालन विभाग, गिरिडीह में सेवारत और साहित्यप्रेमी शंकर पांडेय और युवा सामाजिक कार्यकर्ता रामजी। कार्यक्रम पदाधिकारी बलभद्र ने अतिथियों का स्वागत किया और उनको अपनी आलोचनात्मक पुस्तक ‘भोजपुरी साहित्य : देश के देस का’ और ‘प्रसंग’ (पत्रिका) भेंट की। प्रभाकर ने भारत की आजादी में झारखंड के क्रांतिकारियों और विशेषकर महिलाओं के योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आजादी के लिए सदैव और सतत जागरूकता की जरूरत होती है। किसी भी देश की आजादी का मतलब देशवासियों की खुशहाली और प्रगति है।

शंकर पांडेय ने कहा कि भारत की आजादी भारत के लोगों के त्याग और बलिदान का सुफल है। रामजी ने कोविड-19 की त्रासदी के हवाले यह बात कही कि आजादी एक मानवीय मूल्य है। इस अवसर पर छात्राओं ने भी अपने विचार रखे। शिवम सिंह, विकास, पुष्पा कुमारी, नीतीश कुमार, मनीष कुमार, इंदु, रितु, राखी, सिमरन,सुरुचि, मीना, सोनी खान, रंजीत, कृष्ण कुमार, किरण, अर्चना, मनीषा आदि उपस्थित रहे। एन. एस. एस.-02 के सदस्यों ने कॉलेज से बिरसा मुंडा चौक, सिरसिया तक यात्रा की। इस यूनिट के कुल 25 छात्रों की कार्यक्रम में भागीदारी रही।