गिरिडीह

हत्या के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने किया गिरिडीह डुमरी मुख्य मार्ग जाम, शव को सड़क पर रख किया प्रदर्शन, पुलिस ने समझा बुझाकर जाम खुलवाया

Share This News

गिरिडीह मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बदडीहा में जमीन विवाद के कारण अशोक राम की हुई हत्या के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने गिरिडीह डुमरी मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही अशोक राम का शव बदडीहा पहुंचा स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे और सड़क पर उतर गए।

काफी संख्या में स्थानीय लोगों ने रात 9 बजे के करीब बदडीहा में रोड जाम कर दिया। स्थानीय लोग सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन करने लगे। इस दौरान ग्रामीण भू माफियाओं के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। ग्रामीण घटना में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। इधर सड़क जाम की सूचना पर पर मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो सदलबल बदडीहा पहुंचे।

थाना प्रभारी और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को समझाया। थाना प्रभारी ने कहा कि घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। साजिश में जो भी आरोपी है, उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। जल्द ही उन्हें भी पकड़ लिया जाएगा। आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम हटा लिया है ।